कलेक्ट्रेट परिसर में उप डाकघर की स्थापना

गौतमबुद्धनगर :जिलाधिकारी बीएन सिंह के प्रयास से कलेक्ट्रेट परिसर में आज उप डाकघर की स्थापना हुई है। इससे पूर्व यह उप डाकघर देवला गांव में संचालित हो रहा था। उप डाकघर स्थानांतरण समारोह के अवसर पर जिलाधिकारी बीएन सिंह एवं मुख्य पोस्ट मास्टर जनरल उत्तर प्रदेश परिमंडल केके सिन्हा के द्वारा संयुक्त रूप से उप डाकघर का विधिवत रूप से फीता काटकर शुभारंभ किया गया। ज्ञातव्य हो कि जिलाधिकारी बीएन सिंह के द्वारा उप डाकघर संचालन के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में निशुल्क स्थान उपलब्ध कराने के फलस्वरूप आज यह महत्वपूर्ण कार्य संपन्न हुआ है।



जिलाधिकारी बीएन सिंह ने इस अवसर पर कहा कि कलेक्ट्रेट परिसर में उप डाकघर खुल जाने के उपरांत जनपद वासियों को व्यापक स्तर पर लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि डाकघर की विभिन्न योजनाओं को आगे बढ़ाने में यह  ब्रांच कारगर सिद्ध होगी क्योंकि कलेक्ट्रेट में पूरे जनपद से प्रतिदिन बड़ी संख्या में विभिन्न कार्यों के लिए जनपद वासी उपस्थित होते हैं। उप डाकघर खुल जाने से कलेक्ट्रेट के कर्मचारियों अधिकारियों जजी परिसर के अधिकारियों कर्मचारियों विकास भवन के अधिकारियों कर्मचारियों पुलिस विभाग के अधिकारियों कर्मचारियों एवं जिला पंचायत तथा आसपास के अन्य संबंधित कार्यालयों के अधिकारियों कर्मचारियों को इस शाखा से अधिकतम लाभ प्राप्त हो सकेगा और सभी अधिकारी कर्मचारी डाकघर के द्वारा संचालित सभी योजनाओं का आसानी के साथ लाभ अर्जन कर सकेंगे। इस अवसर पर मुख्य पोस्ट मास्टर जनरल उत्तर प्रदेश परिमंडल के के सिन्हा ने जिलाधिकारी का धन्यवाद किया और कहा कि उनके प्रयास से निशुल्क स्थान कलेक्ट्रेट परिसर में उपलब्ध होने पर यह कार्य संभव हो पाया है। कलेक्ट्रेट में उप डाकघर खुल जाने पर भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं डाकघर से जुड़ी हुई योजनाओं का लाभ अधिकतम जनपद वासियों को यहां से उपलब्ध हो सकेगा। उप डाकघर स्थानांतरण समारोह में अपर जिलाधिकारी प्रशासन दिवाकर सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व मुनींद्र नाथ उपाध्याय, वरिष्ठ कोषाधिकारी अशोक कुमार, उप जिलाधिकारी सदर प्रसून द्विवेदी, प्रभारी अधिकारी जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट अभय कुमार सिंह, कलेक्ट्रेट के अन्य अधिकारीगण, प्रवर अधीक्षक डाकघर गाजियाबाद मंडल आर एन सीकरिया, डिप्टी कमांडेंट सीआरपीएफ नवीन कुमार, असिस्टेंट कमांडेंट सीआरपीएफ प्रदीप कुमार उपस्थित रहे। इस अवसर पर सीआरपीएफ परिसर में भी नया डाकघर खोलने की घोषणा की गई। कार्यक्रम में जिलाधिकारी एवं मुख्य पोस्ट मास्टर जनरल के द्वारा ग्राम प्रधानों एवं बीपीएम कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित भी किया गया।