तीनों तहसीलों में तहसील संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन संपन्न।

 गौतम बुद्ध नगर से जनपद की तीनों तहसीलों में तहसील संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन संपन्न। कुल 202 शिकायतें हुई दर्ज। 23 का मौके पर किया गया निस्तारण जनता की शिकायतों एवं समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार के द्वारा संचालित महत्वपूर्ण कार्यक्रम तहसील संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन आज जनपद की सभी तहसीलों में संपन्न हुआ।



आयोजित तहसील संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तीनों तहसीलों में कुल 202 शिकायतें दर्ज हुई और जिनके सापेक्ष 23 शिकायतें मौके पर अधिकारियों के द्वारा निस्तारित की गई। दादरी तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। ज्ञातव्य हो कि लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2019 के व्यय प्रेक्षक का कलेक्ट्रेट के सभागार में कार्यक्रम होने के फलस्वरूप जिलाधिकारी समाधान दिवस के अवसर पर नहीं पहुंच सके। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह तथा उप जिलाधिकारी दादरी राजीव राय के द्वारा जनता की समस्याओं का अनुश्रवण किया गया तथा संबंधित अधिकारियों को निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर दादरी में कुल 106 शिकायतें दर्ज हुई जिसके सापेक्ष 9 शिकायतों का निस्तारण मौके पर अधिकारियों द्वारा किया गया। समस्याओं को सुनने के उपरांत मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों का आह्वान करते हुए कहा कि जनता की समस्याओं के निस्तारण के संबंध में उत्तर प्रदेश सरकार का यह बहुत ही महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। अतः सभी अधिकारी गण इसमें गंभीरता दिखाते हुए जनता की शिकायतों का पूर्ण गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय अवधि के अंदर निस्तारण करना सुनिश्चित करें ताकि सरकार के इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का लाभ जनता को अधिक से अधिक प्राप्त हो सके। इस अवसर पर तहसील समाधान दिवस का सफल संचालन तहसीलदार आलोक प्रताप सिंह के द्वारा किया गया। दादरी तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा भाग लिया गया। इसके अलावा सदर तहसील में उप जिलाधिकारी सदर प्रसून द्विवेदी तथा तहसीलदार संजय मिश्रा के सफल संचालन में तहसील संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन संपन्न हुआ जहां पर कुल 27 शिकायतें दर्ज हुई और 4 शिकायतों का निस्तारण मौके पर किया गया। जेवर तहसील संपूर्ण समाधान दिवस अपर जिलाधिकारी प्रशासन दिवाकर सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। जहां पर कुल 69 शिकायतें दर्ज हुई और 10 शिकायतों का निस्तारण मौके पर किया गया। यहां पर भी अपर जिलाधिकारी दिवाकर सिंह ने संबंधित अधिकारियों को अवशेष शिकायतों का निस्तारण समयबद्धता के साथ करने के निर्देश दिए।